छतरपुर। छतरपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर महज 2 महीने पुराने अपने सुहाग का कत्ल कर दिया। मृतक मनीराम रैकवार (22) की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी शिवानी रैकवार, प्रेमी अखिलेश पटेल और उनके साथी भरत यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी में शामिल हुआ था कातिल
पुलिस के अनुसार, शिवानी और अखिलेश के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे। अखिलेश ने शातिर तरीके से मनीराम से दोस्ती की और यहाँ तक कि उसकी शादी में भी शामिल हुआ। उसने शादी की रस्मों में हिस्सा लेकर परिवार का भरोसा जीत लिया था।
जंगल ले जाकर पेचकस से उतारा मौत के घाट
मनीराम के दिल्ली जाने की योजना से डरे प्रेमी जोड़े ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। 9 जुलाई को अखिलेश पार्टी के बहाने मनीराम को अमरोनिया के जंगल ले गया, जहाँ उसे पेचकस से गोदकर मार डाला। शव को छिपाने के लिए नाले में बड़े पत्थरों के नीचे दबा दिया गया था।
कॉल डिटेल से खुली पोल
मनीराम के लापता होने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स खंगाली, जिससे शिवानी और अखिलेश का रिश्ता और साजिश बेनकाब हो गई। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। अब पुलिस जल्द ही कोर्ट में चालान पेश करने की तैयारी कर रही है।




