भोपाल। पुलिस महानिरीक्षक (भोपाल देहात) श्रीमती रुचिवर्धन मिश्रा ने भोपाल (देहात) स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले में अपराधों की स्थिति, पैटर्न और पुलिसिंग चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में डीआईजी राजेश सिंह चंदेल और एसपी पंकज कुमार पांडेय सहित जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य ‘जनविश्वास’ होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान आम नागरिकों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करें।
प्रमुख निर्देश:
- त्वरित निराकरण: गंभीर अपराधों का जल्द और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित हो।
- फरारियों पर एक्शन: लंबित मामलों, फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करें।
- सुरक्षा और सतर्कता: महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता दें और मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें।
- जनसुनवाई: शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए।
इससे पहले, एसपी पंकज कुमार पांडेय ने पीपीटी के जरिए जिले में चल रहे विशेष अभियानों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी। साथ ही, बेहतर पुलिसिंग के लिए जरूरी संसाधनों की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।





