भोपाल। अयोध्या नगर पुलिस ने नशा विरोधी अभियान ‘नशे से दूरी, जरूरी 2.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी झुग्गी बस्तियों में घूम-घूमकर पुड़िया बनाकर गांजा बेचा करता था।
क्या है मामला:
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने झील नगर झुग्गी बस्ती में घेराबंदी कर मोहन उर्फ बाला जाटव (38) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 10,000 रुपये है।
इतवारा से लाता था माल:
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इतवारा क्षेत्र से गांजा खरीदकर लाता था और अधिक मुनाफे के चक्कर में उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय बस्तियों में सप्लाई करता था। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है, जिसमें मारपीट और आबकारी एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी समेत उपनिरीक्षक रामराज वघेल, सुदील देशमुख, नरसिंह राजपूत और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





