भोपाल। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र में बीटेक प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह पिता ने बेटी का शव कमरे में फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
मृतक छात्रा अंजलि राय (पिता देवनाथ राय) कोटरा सुल्तानाबाद की रहने वाली थी। उसने इसी साल निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लिया था। उसके पिता सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। सूचना मिलते ही कमला नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर छात्रा के मोबाइल की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।




