जयपुर:
प्राइवेट कॉलेज की छात्रा से मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ने के मामले में पुलिस ने सोमवार को दूसरे आरोपी (बॉयफ्रेंड) को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लड़की के दूरी बनाने से नाराज था और उसने लड़की के एक्स-बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इस मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
यह है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, 23 साल की पीड़िता जयपुर में ही एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ती है। कॉलेज में उसकी पहचान एक युवक से हुई, जिसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे। कुछ समय बाद आरोपी उससे मारपीट करने लगा, जिससे परेशान होकर लड़की ने उससे दूरी बना ली और दूसरे लड़के के साथ रहने लगी। कुछ दिनों बाद दूसरा दोस्त भी उसे प्रताड़ित करने लगा, तो उसने उसे भी छोड़ दिया।
बदला लेने के लिए मिलाए हाथ
जब दोनों युवकों को पता चला कि लड़की ने उन दोनों को छोड़ दिया है, तो दोनों ने मिलकर बदला लेने की योजना बनाई। 14 जुलाई को कॉलेज जाते समय दोनों ने मिलकर पीड़िता को रास्ते में पकड़ लिया, उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। वहां भीड़ जमा होने पर दोनों मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर मेडिकल कराया। पुलिस ने 20 जुलाई को दबिश देकर एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि दूसरा आरोपी फरार चल रहा था। सोमवार को पुलिस ने सात दिन की तलाश के बाद दूसरे फरार आरोपी को भी धर-दबोचा।




