श्रीनगर/मंदसौर:
जम्मू-कश्मीर के बालटाल से श्रीनगर आ रही मध्य प्रदेश के मंदसौर की एक बस मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गांदरबल जिले में 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बस में सवार सभी 40 श्रद्धालु घायल हो गए। ये सभी अमरनाथ यात्रा पूरी कर लौट रहे थे, जिनमें मध्य प्रदेश और राजस्थान के यात्री शामिल हैं। हादसे में दो यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
कैसे हुआ हादसा?
गांदरबल जिले के रंगा मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों और राहत-बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घायलों को पहले कंगन के उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के सौरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। अधिकांश यात्रियों को मल्टीपल इंजरी और हेड ट्रॉमा (सिर में चोट) हुआ है।
मंदसौर की कंपनी ने ली थी बस किराए पर
दुर्घटनाग्रस्त बस (नंबर AR11 D 5655) अजमेर पासिंग की है। इसे मंदसौर की ‘मां भगवती यात्रा कंपनी’ के एजेंट ने अमरनाथ यात्रा के लिए किराए पर लिया था। इस यात्रा पर कंपनी की कुल चार बसें गई थीं, जिनमें मंदसौर, मल्हारगढ़, नीमच और बड़नगर क्षेत्र के श्रद्धालु सवार थे।
प्रशासन और सरकार ने लिया संज्ञान
घटना की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने स्थानीय अधिकारियों से बात कर घायलों का हाल जाना और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पूरी जानकारी दी। मंदसौर जिला प्रशासन भी लगातार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में है। उधर, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और बताया कि सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है।




