इंदौर (एरोड्रम)। शहर के एरोड्रम इलाके में रहने वाली एक महिला के साथ पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर 10 लाख 8 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता इति जैन ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर संपर्क किया था, जिसके बाद ठगों ने उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर होटल और रेस्टोरेंट की रेटिंग देने के बदले मोटा कमीशन देने का लालच दिया।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम:
- शुरु शुरुआती भरोसा: ठगों ने शुरुआत में छोटे टास्क (रेटिंग) करवाने के बाद कुछ मुनाफा और कमीशन अकाउंट में वापस भेज दिया, जिससे महिला का भरोसा जीत लिया गया।
- बड़े निवेश का जाल: भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने ‘एनएससी अकाउंट’ में और पैसे निवेश करने पर भारी मुनाफे का झांसा दिया।
- खाता बंद होने का बहाना: जब पीड़िता ने बड़ी रकम जमा करा दी, तो ठगों ने उनका अकाउंट बंद होने की बात कही और पैसे निकालने के नाम पर अलग-अलग खातों में कुल 10 लाख 8 हजार रुपए ऐंठ लिए।
एरोड्रम पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पार्ट-टाइम जॉब और कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाले ऐसे विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।




