भोपाल: कमला नगर इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है जहाँ 19 वर्षीय 10वीं की छात्रा देवयानी मोर ने गुरुवार देर रात घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। देवयानी पिछले साल 10वीं की परीक्षा में फेल हो गई थी और इस बार दोबारा परीक्षा दे रही थी, जिसका शुक्रवार को पहला पेपर था।
घटना के समय देवयानी घर पर बिल्कुल अकेली थी। उसके पिता एक सिक्योरिटी गार्ड हैं और मां दूसरे घरों में काम करती हैं, जबकि उसका भाई मोहल्ले में झांकी देखने गया हुआ था। देर रात जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने देवयानी को फंदे पर लटका पाया। वे तुरंत उसे अस्पताल लेकर दौड़े, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कमला नगर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। शुक्रवार दोपहर को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।




