भोपाल:
राजधानी की लेकपर्ल कॉलोनी (खजूरी सड़क थाना क्षेत्र) स्थित एक मकान में दतिया में पदस्थ आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (35) का संदेहास्पद परिस्थितियों में शव मिला है। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पास ही खून से सना हथौड़ा पड़ा मिला है। वहीं, इस घटना को अंजाम देने के बाद मकान मालिक और मृतका के प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी (35) ने घर से कुछ दूरी पर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शादी के विवाद में खूनी संघर्ष की आशंका
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से सीधी जिले के रहने वाले पवन और मीनाक्षी की मुलाकात वर्षों पहले इंदौर में हुई थी, जब मीनाक्षी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। बाद में मीनाक्षी का चयन आरटीओ इंस्पेक्टर के रूप में हो गया था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, लेकिन जाति अलग होने और अन्य कारणों से बात आगे नहीं बढ़ पा रही थी। आशंका है कि इसी बात को लेकर रविवार देर रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने हथौड़े से हमला कर मीनाक्षी की हत्या कर दी और खुदकुशी कर ली।
सहेली और बेटी भी थीं घर में मौजूद
जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी रविवार शाम अपनी सहेली कृतिका और तीन साल की बेटी के साथ दतिया से भोपाल पहुंची थीं और उन्हें यहां से इंदौर जाना था। रात में कृतिका और बच्ची अंदर के कमरे में सो रही थीं। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब सहेली की आंख खुली, तो उसने बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जांच में जुटी पुलिस और एफएसएल टीम
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारिकी से मुआयना किया है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या आंगन में करने के बाद शव को घसीटकर कमरे में लाया गया था। मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।




