भोपाल:
राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सनसनीखेज तरीके से चलती बाइक पर दोस्त की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने यह कट्टा कुछ दिन पहले विदिशा से खरीदा था।
मछली पकड़ने जाते समय दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह 24 वर्षीय इखलास ताशी अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर मछली पकड़ने निकले थे। बाइक तीसरा युवक चला रहा था, ताशी बीच में बैठा था और अलीम पीछे बैठा हुआ था। रास्ते में अचानक अलीम ने अपने पास मौजूद कट्टा निकाला और चलती बाइक पर ही ताशी की कनपटी से सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद बाइक चालक को धमकाकर भागा
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बाइक चला रहे तीसरे साथी को जान से मारने की धमकी दी और उसे सिंधी कॉलोनी तक अपने साथ ले गया, जहां से वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। निशातपुरा पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।
गांधीनगर से धरा गया आरोपी, तीसरे साथी की भूमिका की जांच
डीसीपी जोन-4 आदित्य कांत शुक्ला ने बताया कि सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांधीनगर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी अलीम को दबोच लिया। हालांकि, आरोपी पूछताछ के दौरान पुलिस को लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस अब हत्या की असली वजह और वारदात के वक्त साथ मौजूद तीसरे युवक की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है।




