भोपाल:
राजधानी के जहांगीराबाद थाने में मंगलवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। पुलिस द्वारा एक अधिवक्ता के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट किए जाने के विरोध में करीब 50 वकील थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी वकीलों ने थाना प्रभारी राजन अहिरवार और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अधिवक्ता राकेश रावल ने बताया कि मंगलवार शाम करीब आठ बजे जब वे खटलापुरा मंदिर की तरफ से आ रहे थे, तब पुलिसकर्मियों ने उनका वाहन रोककर उन्हें थाने चलने को कहा। वाहन में पेट्रोल न होने की बात कहने पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उन्हें कीचड़ में पटककर डंडों से पीटा। वकीलों ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें अधिवक्ता के पैरों पर चोट के निशान और उनके कपड़े कीचड़ से सने हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।

इस बीच, एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा है कि मामले के बारे में पूरी जानकारी हासिल की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




