इंदौर:
लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर इलाके में एक फ्लैट में हुए मामूली विवाद की सूचना ने पुलिस को शहर के एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क तक पहुंचा दिया है। पुलिस ने मौके से 55 ग्राम से अधिक एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कैसे हुआ खुलासा?
निरंजनपुर स्थित एक फ्लैट में युवक-युवतियों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। तलाशी के दौरान वहां से ड्रग्स बरामद हुई, जिसके बाद पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ। पुलिस ने सबसे पहले फ्लैट पर मौजूद हर्ष शर्मा, रूपाली रावल और रानी कौशल को पकड़ा।
राजस्थान से जुड़ा है ड्रग्स का तार
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह ड्रग्स शहजाद चौधरी और मोहम्मद सद्दाम से लेते हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शहजाद और सद्दाम को दबोचा। पूछताछ में इन दोनों ने बताया कि वे राजस्थान के झालावाड़ जिले के बड़ोद निवासी शेख अनस से माल मंगवाते थे।
शादी से ठीक पहले चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस ने शातिर तरीके से शहजाद और सद्दाम के जरिए अनस को इंदौर बुलाया और धर दबोचा। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार मुख्य सप्लायर शेख अनस का 4 दिन बाद चंदन नगर में निकाह होना था और उसके घर में जश्न की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन ऐन वक्त पर वह पुलिस के शिकंजे में फंस गया।
पुराने अपराधी हैं कई आरोपी
- आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार रूपाली रावल के खिलाफ खजराना थाने में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं।
- अन्य आरोपी: शहजाद चौधरी और मोहम्मद सद्दाम पर भी लसूड़िया और खजराना थानों में पुराने आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अनस और उसके साथी इंदौर में किन-किन लोगों को और कहां-कहां ड्रग्स सप्लाई करते थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों के जल्द बेनकाब होने की संभावना है।




