उज्जैन:
शहर के लालबाई-फूलबाई इलाके से मंगलवार रात एक 19 वर्षीय युवती को कार में जबरन बैठाकर ले जाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर लिया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद युवती का एक वीडियो सामने आने से पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है।
मंगलवार रात करीब 8 बजे घर के बाहर खड़ी युवती को बिना नंबर की काली कार में सवार दो युवक जबरन खींचकर ले गए थे, जिसकी पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। युवती के पिता, जो थाने में क्रेन चलाते हैं, की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। जांच में उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत और उसके एक अन्य साथी का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दीं और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।

इसी बीच वारदात के कुछ ही घंटे बाद युवती का एक वीडियो सामने आया जिसमें वह यह कहती नजर आ रही है कि वह किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से गाड़ी में बैठी थी और दो-तीन दिन में लौट आएगी। वीडियो में आरोपी ध्रुव भी यह कहता दिख रहा है कि वह पिछले 4 साल से युवती के संपर्क में है और दोनों ने अपनी मर्जी से साथ जाने और शादी करने का फैसला किया है, साथ ही उसने परिजनों पर कोई दबाव न डालने की अपील की है।
टीआई प्रतीक शर्मा का कहना है कि पुलिस आरोपियों और युवती की तलाश कर रही है और उनके पकड़े जाने के बाद ही वारदात की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।




