ग्वालियर:
शहर में ठगी के दो अलग-अलग मामलों में शातिर बदमाशों ने दो बुजुर्गों को अपना शिकार बनाया है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर 39,500 रुपए निकाल लिए गए, वहीं झांसी रोड इलाके में ऑनलाइन धोखाधड़ी कर पीड़ित के खाते से 2,99,980 रुपए पार कर दिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सागरताल चौराहा स्थित अर्नब ग्रीन सिटी निवासी 65 वर्षीय मोहन सिंह तोमर के साथ हुई। वह 2 अक्टूबर की रात आनंद नगर चौराहे के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपए निकालने गए थे। बूथ के अंदर मौजूद अज्ञात युवकों ने मदद का झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और उनके खाते से 39,500 रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र की है, जहां ऑनलाइन ठगों ने एक अन्य बुजुर्ग के खाते से 2,99,980 रुपए की बड़ी रकम गायब कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और एटीएम बूथ के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




