भोपाल। राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी (E-7) में एक बंगले के सर्वेंट क्वार्टर में 22 वर्षीय युवक और उसकी 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका के शव फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक अमन सारूमगर मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और उसके माता-पिता एक हफ्ते पहले नेपाल गए थे, जिसके चलते वह घर में अकेला था। उसकी मां इसी बंगले में खाना बनाने का काम करती हैं और अमन अपने पिता के साथ फास्ट फूड का ठेला लगाता था।
पुलिस के अनुसार, अमन और नाबालिग की दोस्ती करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और दोनों रिलेशनशिप में थे। गुरुवार रात करीब 8 बजे अमन ने अपने दोस्त को ऑडियो मैसेज भेजकर अलविदा कहा। मैसेज सुनकर दोस्त जब उसके कमरे पर पहुंचा, तो दरवाजा अंदर से बंद था और खिड़की से देखने पर दोनों के शव फंदे पर लटके मिले। चर्चा यह भी है कि आत्महत्या से पहले अमन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रेगनेंसी टेस्ट किट की फोटो पोस्ट की थी।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने गांधी मेडिकल कॉलेज में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




