भोपाल:
गौतम नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से सेना के 57 वर्षीय रिटायर्ड हवलदार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक सुरेश सिंह कनर्जी (निवासी प्रेम नगर, नारियलखेड़ा) रोज की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते वक्त यह हादसा हुआ।
बेटे के लौटने पर हुआ अंतिम संस्कार
सुरेश सिंह सेना से हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका बेटा हरीश भी सेना में नायक के पद पर तैनात है। बेटे के भोपाल लौटने के बाद पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
शुरुआती जांच में परिजनों ने किसी भी तरह के संदेह से इंकार किया है। गौतम नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




