इंदौर (हीरा नगर)। फेसबुक पर शेयर मार्केट का विज्ञापन देखकर वॉटर पार्क संचालक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। आरोपियों ने पहले मुनाफा का झांसा देकर 8.59 लाख रुपए जमा कराए और फिर फर्जी मुनाफे का लालच देकर 18 लाख रुपए और मांगे। हीरा नगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
वॉटर पार्क संचालक रितेश कुमार निमाड़े ने 12 अगस्त को फेसबुक पर विज्ञापन देखकर लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद उन्हें ‘CLIMB HIGHER – 993’ नामक वॉट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया। ग्रुप से जुड़ी वंशिका नामक महिला ने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज लेकर वीडियो कॉल के जरिए वेरिफिकेशन किया और अकाउंट चालू करवाया। 25 अगस्त से ट्रेडिंग शुरू हुई, जिसमें रितेश ने 8.59 लाख रुपए जमा किए और ऐप पर उनके खाते में 29 लाख रुपए का मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद 10 सितंबर को कार्बन स्टील इंजीनियरिंग लिमिटेड के IPO में कम कीमत पर 92 हजार शेयर दिलाने का दावा किया गया और इसके एवज में 18 लाख रुपए और मांगे गए।
बड़ी रकम जमा करने से पहले जब रितेश ने ग्रुप के अन्य सदस्यों से संपर्क किया, तो कई नंबर बंद मिले। नागपुर के एक व्यक्ति से बात करने पर उन्हें पता चला कि यह पूरा ग्रुप और ऐप फर्जी है। इसके बाद जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने फोन उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर हीरा नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।




