देवास (भवानी सागर)। भवानी सागर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम पुलिस ने जुआ खेल रहे लोगों के घर पर दबिश दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को देखते ही कुछ लोग सीढ़ियों से भागे तो कुछ ने छत से कूदकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने मौके से 4 से 5 संदिग्धों को पकड़कर नाहर दरवाजा थाने पहुंचाया है, जिनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कार्रवाई के दौरान हुआ हंगामा: रेड के दौरान कुछ लोग घर की छत से कूदते और सीढ़ियों से तेजी से नीचे उतरते नजर आए, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इस बीच एक संदिग्ध के फरार होने की बात भी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस के घर की सीढ़ियों तक पहुंचने पर आपत्ति जताते हुए बहस भी की, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया।
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी आलोक सोनी ने बताया कि मौके से पकड़े गए 4 से 5 लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।




