भोपाल:
जिले के ग्राम सिकंदराबाद में धार्मिक यात्रा पर गए एक किसान के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के अनुसार, चोर घर से 20 तोला से अधिक सोने के आभूषण, आधा किलो चांदी और नौ गुल्लकों में जमा 9 लाख रुपए नकद ले गए। किसान 21 अक्टूबर को परिवार के साथ ओरछा दर्शन गए थे और 23 अक्टूबर की रात जब लौटे, तब उन्हें घटना की जानकारी मिली।
इस बड़ी चोरी के बाद पीड़ित किसान ने आरोपियों का सुराग देने या उन्हें पकड़वाने में मदद करने वाले को 1 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन चोरी गई संपत्ति की मात्रा और घटनाक्रम को लेकर कुछ संदेह हैं, जिनकी हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।




