भोपाल । शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दरिंदगी की हद यह रही कि हत्यारे लूट की नीयत से बुजुर्ग के मुंह से सोने के दांत तक उखाड़ ले गए। शनिवार को घटना से आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोहेफिजा-कलेक्ट्रेट मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
करीब 45 मिनट तक लगे 200 मीटर लंबे जाम के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
मृतका के पति का पहले ही निधन हो चुका है और वह फ्लैट में अकेली रहती थीं। उनका एक बेटा मूकबधिर है जो सरकारी नौकरी करता है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सामने आया है कि महिला की हत्या रस्सीनुमा फंदे से दम घोंटकर की गई है।
परिजनों ने इलाके के ही एक संदिग्ध युवक पर हत्या का शक जताया है, जो वारदात के बाद से फरार है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इलाके में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और इससे पहले भी ऐसी दो घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने टीमें गठित कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।




