माढ़ोताल: त्योहार की गहमागहमी के बीच आईटीआई चुंगीनाका स्थित ‘इंद्र ज्वेलर्स’ में शातिर महिलाओं के एक गिरोह ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में घुसीं और दुकानदार की नजर चूकते ही शोकेस से सोने के झुमकों से भरा डिब्बा पार कर दिया। गायब हुए जेवरात का वजन करीब 70 ग्राम और कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है।
दुकान संचालक इंद्रपाल सोनी (60) के मुताबिक, घटना 6 नवंबर दोपहर करीब 12:10 बजे की है। पहले दो महिलाएं आईं और बिछिया दिखाने को कहा। इसी बीच उनकी कुछ और साथी महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। धनतेरस की भीड़ के चलते जैसे ही संचालक बिछिया निकालने में व्यस्त हुए, महिलाओं ने पलक झपकते ही काउंटर पर रखा 9 जोड़ी सोने के झुमकों का डिब्बा उड़ा लिया। इसके बाद वे बिछिया के पैसे देकर बिना बिल लिए ही जल्दबाजी में वहां से निकल गईं।
संदेह होने पर जब संचालक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक महिला डिब्बे पर हाथ साफ करती साफ नजर आई। सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी उमेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान कर उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।



