ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निवास के पास स्थित कॉलोनी नंबर-2 में रविवार रात एक बंद मकान में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी स्थित विमल शर्मा के मकान में किराएदार रहते हैं, जो दीपावली मनाने अपने गांव गए हुए थे। इसी दौरान बालकनी में जलता हुआ पटाखा गिरने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने बालकनी में रखी वॉशिंग मशीन और एसी को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग की लपटें कमरे के भीतर तक फैल गईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कमरों पर ताला लगा होने के कारण दमकलकर्मियों को ताले तोड़कर भीतर दाखिल होना पड़ा। फायरमैन अरविंद सिंह राठौर के अनुसार, करीब एक गाड़ी पानी की मदद से लपटों को शांत किया गया।
घटना के वक्त नीचे के हिस्से में रहने वाले लोग पूजा कर रहे थे, जो धुआं और लपटें देख समय रहते बाहर निकल आए। सीएसपी नागेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और भीड़ को नियंत्रित किया। वहीं ऊर्जा मंत्री के पुत्र सागर तोमर ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में सहयोग दिया।




