भिंड। दबोह थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 में शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी ने अपनी पत्नी और साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर कुल्हाड़ी, रॉड और लाठी-डंडों से हमला किया। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
भाई दूज पर हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार, भाई दूज के दिन आरोपी राजकुमार सविता ने शैलेंद्र परिहार से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। शैलेंद्र के मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी रंजिश में रात के समय राजकुमार अपनी पत्नी आशा और अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर शैलेंद्र के घर आ धमका और उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
बचाने आए परिजन भी घायल चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आई शैलेंद्र की बुजुर्ग मां सरमन सिंह, भाई रविंद्र परिहार और भाभी रामवती को भी हमलावरों ने बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अन्य तीनों घायलों का लहार अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एक आरोपी अब भी फरार दबोह पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को मुख्य आरोपी राजकुमार, उसकी पत्नी आशा, प्रशांत सविता, पवन सविता, देवेंद्र विश्वकर्मा, सचिन विश्वकर्मा और उन्नी पंडित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपी हलवाई का काम करते हैं। मामले में फरार एक अन्य आरोपी जितेंद्र विश्वकर्मा की पुलिस तलाश कर रही है।



