भोपाल। बकायादारों पर सख्ती के बीच भोपाल नगर निगम में संपत्तिकर (प्रॉपर्टी टैक्स) में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। लिंक रोड नंबर-2 स्थित मुख्यालय की कंप्यूटर शाखा के आईटी ऑपरेटर शेख वसीम ने जोनल अधिकारी की आईडी हैक कर ईदगाह हिल्स स्थित सेंट जोसेफ स्कूल का 7.71 लाख रुपए का टैक्स घटाकर मात्र 1.09 लाख रुपए कर दिया। क्राइम ब्रांच ने आरोपी ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि निगम के करीब 10 अधिकारी-कर्मचारी जांच के घेरे में हैं।
कैसे हुआ खेल? आरोपी ने 31 मार्च 2026 को जोन-2 के जोनल अधिकारी की आईडी का पासवर्ड रीसेट किया। इसके बाद स्कूल का क्षेत्रफल कम दिखाकर कचरा प्रबंधन और व्यावसायिक शुल्क शून्य कर दिया। उसी दिन स्कूल प्रबंधन ने घटी हुई राशि ऑनलाइन जमा कर रसीद भी ले ली। मामले का खुलासा तब हुआ जब पास के ही एक अन्य स्कूल ने बराबर परिसर होने के बावजूद कम टैक्स को लेकर निगम में शिकायत की।
मूल फाइल गायब, 276 और खाते संदिग्ध शिकायत के बाद जब वार्ड-10 के रिकॉर्ड खंगाले गए तो स्कूल की मूल फाइल ही गायब मिली। पुराने दस्तावेजों की कॉपी से 6,61,758 रुपए के अंतर की पुष्टि हुई। जेडओ मोहित मालवीय की शिकायत पर 18 सितंबर को क्राइम ब्रांच ने एफआईआर दर्ज की। डिजिटल सबूतों के आधार पर 8 नवंबर को वसीम की गिरफ्तारी हुई। पूछताछ में उसने 276 से अधिक अन्य संदिग्ध खातों में भी हेरफेर करने की बात कबूली है। अब पुलिस तत्कालीन जोनल अधिकारी राजमन त्रिपाठी समेत अन्य कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है।




