भोपाल। नूर महल स्थित अशोका कॉलोनी (वार्ड-9) में ट्यूबवेल से गंदा और बदबूदार पानी आने से रहवासी परेशान हैं। शिकायत के बाद नगर निगम की लैब जांच में पानी दूषित पाया गया है। इसके बाद निगम ने इलाके में नोटिस चस्पा कर लोगों को यह पानी न पीने की हिदायत दी है।
कॉलोनी के 15 से 20 घरों के ट्यूबवेल से पिछले कुछ दिनों से मटमैला और बदबूदार पानी निकल रहा है। रहवासी रमीज राजा समेत अन्य लोगों के घरों से लिए गए सैंपल जांच में फेल होने के बाद निगम ने लोगों को नर्मदा लाइन का नल कनेक्शन लेने की सलाह दी है। फिलहाल, रहवासी 300 से 500 रुपए खर्च कर निजी टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हैं। निगम ने भी इलाके में टैंकर से जलापूर्ति कराने की बात कही है।
गौरतलब है कि इससे पहले वैशाली नगर में पानी में खतरनाक ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने पर सियासत गरमाई थी। इस मामले में कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त कर्मवीर शर्मा से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, निगम द्वारा वहां से लिए गए 200 से ज्यादा सैंपलों की जांच रिपोर्ट में पानी साफ पाया गया है।




