भोपाल। सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र स्थित बालमपुर घाटी पर रविवार रात बाइक और एक्टिवा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 38 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक्टिवा पर सवार नीट (NEET) की तैयारी कर रहे दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों छात्रों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विदिशा जिले के नटेरन निवासी राजू सहेली (38) के रूप में हुई है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता था और रविवार रात बाइक से सीहोर स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान बालमपुर घाटी पर सामने से आ रही एक्टिवा से उसकी बाइक टकरा गई। एक्टिवा पर अभय और उसका दोस्त अभिषेक सवार थे, जो घूमने के लिए सांची जा रहे थे।
मौके से मिली शराब की बोतल, जांच में जुटी पुलिस घटनास्थल पर पुलिस को मृतक राजू के शव के पास शराब की एक बोतल मिली है। हालांकि, हादसे के समय किसी के नशे में होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। सुखी सेवनिया पुलिस के प्रधान आरक्षक सिद्दीकी अहमद ने बताया कि सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है।



