इंदौर। क्राइम ब्रांच और लसूड़िया पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बैंक खाते किराए पर लेकर साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग में इस्तेमाल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह लोगों को 10-10 हजार रुपए का लालच देकर उनके खाते खरीदता था।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, फेडरल बैंक के एक संदिग्ध खाते की जांच में पता चला कि इंदौर निवासी अंशु ने 10 हजार रुपए लेकर अपना खाता रतलाम के आलोट निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा को दे दिया था। पप्पू इन खातों में देशभर से ठगी की रकम मंगवाता था। इस खाते के खिलाफ तमिलनाडु और तेलंगाना में भी साइबर ठगी के केस दर्ज हैं। पुलिस ने पप्पू को गिरफ्तार कर खाता बेचने वाले अंशु पर भी केस दर्ज किया है।
दूसरी कार्रवाई में लसूड़िया पुलिस ने मंदसौर निवासी शुभम मालवीय को पकड़ा है। उसके पास से एसबीआई की चेकबुक और एटीएम कार्ड मिले हैं, जो उसने 10 हजार रुपए में खरीदे थे। वह इनका उपयोग ऑनलाइन गेमिंग के अवैध लेनदेन में कर रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।



