भोपाल। शादियों के सीजन में मेहमानों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने कमर कस ली है। अब फूड इंस्पेक्टर शहर के मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल और कैटरिंग संचालकों के यहां औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान खाने की गुणवत्ता, एक्सपायरी सामान, साफ-सफाई और फूड लाइसेंस की जांच की जाएगी। देवउठनी एकादशी के बाद अगले दो-तीन महीनों तक मैरिज गार्डन फुल होने और रोजाना लाखों लोगों के भोजन करने के चलते यह फैसला लिया गया है। बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों के प्रतिष्ठान सील भी किए जा सकते हैं।
आम्र पैलेस में मिली एक्सपायरी ब्रेड, लिए गए सैंपल अभियान के तहत टीम ने मंगलवार को कोलार रोड (बैरागढ़ चीचली) स्थित आम्र पैलेस की जांच की। यहां 2025 से बिना फूड लाइसेंस के कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल चलाया जा रहा था। किचन में गंदगी के साथ-साथ एक्सपायरी डेट के ब्रेड और पाव मिले। टीम ने मौके पर चल रहे विवाह समारोह में परोसने के लिए तैयार पनीर और गुलाब जामुन के सैंपल जांच के लिए लिए हैं।
किराना दुकान को भी नोटिस इसके अलावा टीम ने कोलार रोड स्थित दीपक साहू किराना दुकान पर भी कार्रवाई की। यहां गंदगी और अनियमितता मिलने पर संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया है। साथ ही जांच के लिए बेसन और धनिया पाउडर के नमूने भी जब्त किए गए हैं।




