इंदौर। छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में ढोल बजा रहे एक युवक को गोली लग गई। यह घटना बीजेपी पार्षद और एमआईसी सदस्य प्रिया दांगी के परिवार में निकल रहे बाने (जुलूस) के दौरान हुई। घायल युवक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पार्षद प्रिया दांगी के चचेरे भाई गोपाला की शादी का बाना निकल रहा था। जुलूस में परिवार और रिश्तेदार ढोल की थाप पर नाच रहे थे, तभी भीड़ में से किसी ने हवाई फायरिंग कर दी। गोली सीधे वहां ढोल बजा रहे मुकुल नाम के युवक को जा लगी।
गोली चलते ही जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आयोजक घायल मुकुल को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। सूचना मिलते ही छत्रीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में जश्न के दौरान हवाई फायरिंग करने की बात सामने आई है। गोली किसने चलाई और हथियार लाइसेंसी था या अवैध, इसका पता लगाने के लिए पुलिस मौके पर मौजूद लोगों के बयान ले रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।




