माध्यमिक शिक्षा मंडल , मध्यप्रदेश ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र पैटर्न को लेकर छात्रों को बड़ी राहत दी है। मंडल ने पूर्व में जारी अपने निर्देशों में आंशिक संशोधन करते हुए स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की परीक्षाओं में 2 अंकों के अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में भी विद्यार्थियों को आंतरिक विकल्प (इंटरनल चॉइस) मिलेगा। यानी छात्र पिछले वर्ष की तरह ही इन प्रश्नों में से अपनी पसंद का विकल्प चुनकर उत्तर लिख सकेंगे।
15 अक्टूबर की विज्ञप्ति में किया सुधार मंडल ने इस संबंध में 15 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञप्ति क्रमांक 465/विद्योचित/2026 में संशोधन किया है। पहले जारी निर्देशों को लेकर छात्रों और शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति थी, जिसे अब साफ कर दिया गया है। बोर्ड के नए आदेश के मुताबिक, 2 अंकों के प्रश्नों में विकल्प की यह सुविधा केवल वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ही प्रभावी रहेगी।
अन्य सभी निर्देश रहेंगे यथावत परीक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में ‘अथवा’ (विकल्प) मिलने से विद्यार्थियों का तनाव कम होगा और उन्हें प्रश्नपत्र हल करने में काफी आसानी होगी। मंडल ने यह भी साफ किया है कि 15 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति के अन्य सभी नियम और निर्देश पहले की तरह यथावत लागू रहेंगे, बदलाव सिर्फ 2 अंकों के प्रश्नों की व्यवस्था में किया गया है।



