भोपाल। मध्य प्रदेश के नागरिकों को अब विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग वेबसाइट पर बार-बार रजिस्ट्रेशन कराने या ढेर सारे पासवर्ड याद रखने के झंझट से मुक्ति मिलने जा रही है। प्रदेश के सभी सरकारी पोर्टल और मोबाइल ऐप को अब एक ही राष्ट्रीय सिंगल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म ‘जनपरिचय-मेरी पहचान’ से जोड़ा जा रहा है। इस नई व्यवस्था का सीधा लाभ प्रदेश के करीब 8 करोड़ लोगों को मिलेगा।
इसे धरातल पर उतारने की तैयारियों को लेकर 27 नवंबर को भोपाल स्थित नरोन्हा प्रशासन अकादमी में एक अहम कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें विभागीय पोर्टल्स को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने की रूपरेखा तय होगी।
बार-बार फॉर्म भरने से राहत, आधार अनिवार्य नहीं इस सिस्टम पर एक बार प्रोफाइल सत्यापित होने के बाद नागरिकों की बुनियादी जानकारी (जैसे नाम और पता) अन्य जुड़ी हुई सरकारी सेवाओं में स्वतः उपयोग हो सकेगी। इससे आवेदन के समय गलतियों की गुंजाइश कम होगी और समय भी बचेगा। राहत की बात यह है कि हर सेवा के लिए आधार कार्ड अनिवार्य नहीं होगा। नागरिक मोबाइल नंबर, यूजरनेम या पासवर्ड के जरिए लॉगिन कर सकेंगे, वहीं जरूरत पड़ने पर आधार और पैन कार्ड से ई-केवाईसी का विकल्प भी खुला रहेगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डेवलपर्स को भी आसानी नागरिकों के निजी डेटा की सुरक्षा के लिए इसमें मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) और ओटीपी आधारित सत्यापन की सुविधा रहेगी। इससे आम जनता के साथ-साथ सरकारी ऐप बनाने वाली तकनीकी टीमों का काम भी आसान होगा, क्योंकि उन्हें हर विभाग के लिए अलग से लॉगिन सिस्टम तैयार नहीं करना पड़ेगा।
अभी इन सवालों के जवाब का इंतजार पहले चरण में प्रदेश के कितने विभाग इससे जुड़ेंगे और आम लोगों के लिए यह सुविधा कब से शुरू होगी, इसकी तस्वीर 27 नवंबर को होने वाली कार्यशाला के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगी।



