भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कूटरचित (फर्जी) वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच अब कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा से पूछताछ करेगी। पुलिस इसके लिए उन्हें नोटिस जारी करने जा रही है। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने 24 नवंबर को क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल से शिकायत कर इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, पिपलानी के छत्रसाल नगर फेस-2 निवासी 57 वर्षीय संतोष वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि नितिन नवीन के चंडीगढ़ स्थित एक कार्यक्रम के मूल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी वीडियो तैयार किया गया है, जिसे पीसी शर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट से भी साझा किया। शिकायत में कहा गया है कि इस वीडियो के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
वीडियो की जांच और स्रोत का पता लगाएगी पुलिस वायरल वीडियो में नितिन नवीन कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि चीन के दबाव में पाकिस्तान के मंत्री डेलीगेट्स के रूप में भारत आ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को कार्यक्रम का मूल वीडियो भी सौंप दिया है। अब पुलिस दोनों वीडियो की तकनीकी जांच कराने के साथ ही पीसी शर्मा से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि उन्हें यह वीडियो कहां से मिला और इसे किस आधार पर पोस्ट किया गया।



