भोपाल:
एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन के बाद अब आयुष विभाग के इंटर्न डॉक्टरों ने भी अपना स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार दोपहर 12 बजे 100 से अधिक इंटर्न डॉक्टर कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट को बंद कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।
देश के 15 राज्यों में सबसे कम स्टाइपेंड
प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें शासन की ओर से प्रतिमाह मात्र ₹9,383 स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो देश के 15 अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम है। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में आयुष इंटर्न को ₹33,099, ओडिशा में ₹30,000, तेलंगाना में ₹29,792 और बिहार में ₹27,000 प्रति माह स्टाइपेंड मिल रहा है, जबकि मध्य प्रदेश में यह राशि बेहद कम है।
हाल ही में बढ़ा था एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गांधी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर तीन दिन तक उग्र आंदोलन किया था, जिसके बाद सरकार ने उनका स्टाइपेंड 50% बढ़ाकर ₹21,500 प्रतिमाह करने की मांग मान ली थी। इसी तर्ज पर अब आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने भी अपना मानदेय बढ़ाने की मांग तेज कर दी है।




