भोपाल। प्रदेश में मानसून के सुस्त पड़ने और बारिश की कमी से परेशान लोगों ने अब प्राचीन लोक परंपराओं का सहारा लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को राजधानी भोपाल के कोलार तिराहा स्थित एक गेस्ट हाउस के सामने कुछ लोगों ने इंद्रदेव को मनाने के लिए एक अनोखा टोटका किया। उन्होंने गधों को गुलाब जामुन खिलाकर अच्छी बारिश की प्रार्थना की।
क्या है मान्यता?
आयोजकों के अनुसार, मालवा-निमाड़ और निमाड़ अंचल में यह एक पुरानी लोकमान्यता है। माना जाता है कि मानसून की बेरुखी के दौरान यदि गधों का सम्मान कर उन्हें मिठाई खिलाई जाए, तो इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और जल्द ही अच्छी वर्षा होती है।
किसानों की चिंता का समाधान
समाजसेवी मुजाहिद सिद्दीकी ने बताया कि पर्याप्त बारिश न होने से किसान बोवनी को लेकर चिंतित हैं। इसी चिंता को दूर करने और प्रदेश की समृद्धि के लिए यह प्रतीकात्मक आयोजन किया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों और राहगीरों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।




