भोपाल। शहर के हमीदिया रोड स्थित एक बड़े फर्नीचर शोरूम और गोदाम में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आगजनी की इस घटना में शोरूम में रखा सोफा, बेड, अलमारी और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। नुकसान का आकलन लाखों रुपये में किया जा रहा है।
5 घंटे की मशक्कत के बाद मिली राहत
दमकल विभाग के अनुसार, आग सुबह करीब साढ़े 5 बजे लगी। सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बोगदा पुल, कबाड़खाना, बैरागढ़ और गांधीनगर से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर फाइटर नौशाद अली ने बताया कि आग बहुत विकराल थी, जिसे बुझाने के लिए दमकल और टैंकरों की मदद ली गई। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 10:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता चल सके। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।




