भोपाल:
भोपाल (देहात) पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए तरावली डेरे में अलसुबह संयुक्त दबिश दी। इस बड़ी कार्रवाई में लगभग 14,200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई और मौके पर 12 अवैध भट्टियां नष्ट कर दी गईं।
पुलिस अधीक्षक (देहात) श्री पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मिली सटीक सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई की मुख्य बातें:
- बरामदगी: 71 ड्रमों में भरी करीब 14,200 लीटर अवैध शराब (शेष शराब मौके पर नष्ट की गई)।
- नष्ट की गई सामग्री: जमीन के अंदर बनी 12 अवैध भट्टियां और शराब बनाने में प्रयुक्त 2 बॉयलर जब्त।
- बल: पुलिस और आबकारी विभाग के कुल 127 अधिकारी-कर्मचारी इस संयुक्त ऑपरेशन में शामिल रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ भोपाल देहात पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







