भोपाल। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और करियर मार्गदर्शन के लिए सागर पब्लिक स्कूल में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। भारतीय जैन संगठन (BJS) और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मुंबई के प्रसिद्ध शिक्षाविद् और करियर विशेषज्ञ सीए धवल गांधी ने छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के करियर विकल्पों की जानकारी दी।





धवल गांधी ने छात्रों को समझाया कि आज के समय में केवल पारंपरिक कोर्सेस ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर कई नए और उभरते हुए क्षेत्र मौजूद हैं। उन्होंने अपनी रुचि और क्षमता के आधार पर सही करियर चुनने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने ‘स्कूल ऑफ लक्ज़री रिटेल’ और ‘इंटरनेशनल स्कूल ऑफ फाइनेंस एंड इकोनॉमिक्स’ जैसे संस्थानों के माध्यम से उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय कोर्सेस के बारे में भी बताया।
प्राचार्यों के लिए ‘करियर कम्पास’ कार्यशाला
दोपहर के सत्र में होटल हयात पैलेस में शहर के विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों के लिए “करियर कम्पास” कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें धवल गांधी ने विदेशों में उपलब्ध नवीनतम जॉब-ओरिएंटेड कोर्सेस और श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर भारत जैन संगठन के अध्यक्ष राजीव जैन, पूर्व आईएएस विनोद कुमार, हेमंत जैन, संजीव जैन सहित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के पदाधिकारी और शिक्षकगण मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने इस आयोजन को छात्रों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।



