क्राइम ब्रांच की टीम ने 52.34 ग्राम एमडी ड्रग के साथ मंगलवार रात एक ड्राइवर को गिरफ्तार किया। जब्त एमडी ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 लाख 23 हजार 400 रुपए है। आरोपी दैनिक वेतन पर गाड़ी चलाने का काम करता है। बता दें कि क्राइम ब्रांच की टीम अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में टीम ने यह कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से पूछताछ कर और भी जानकारी जुटा रही है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि दिलपसंद ग्रीन मल्टी, स्कीम नंबर 140, पुरानी चौपाटी के पास एक युवक की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने घेराबंदी की। युवक स्कूटी के साथ खड़ा मिला। टीम उसके पास पहुंची तो वह गाड़ी देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रियाज उर्फ सोनू खान, निवासी ताज नगर, खजराना बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 52.34 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 लाख 23 हजार 400 रुपए है। आरोपी के पास से ड्रग और स्कूटी जब्त की गई है, जिनकी कुल कीमत 5 लाख 83 हजार 400 रुपए आंकी गई है।
शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि लाभ कमाने के लिए वह एमडी ड्रग सस्ते दामों में खरीदकर महंगे दामों में नशे के आदी लोगों को बेचता था। उस पर पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह जानकारी जुटा रही है कि वह ड्रग कहां से लाया और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था।




