ग्वालियर:
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित शराब दुकान के बाहर शनिवार देर रात 45 वर्षीय किसान सुघर सिंह राठौर की सिर और चेहरे पर पत्थर से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को अस्पताल पहुंचाकर एक संदेही को हिरासत में ले लिया है।
पदमपुर खेरिया गांव के रहने वाले सुघर सिंह खेतों के लिए आलू का बीज खरीदने ग्वालियर आए थे। बीज परिचित के जरिए गांव भिजवाने के बाद वह शहर में ही रुक गए थे। रात करीब 12 बजे वे गोला का मंदिर चौराहे पर लहूलुहान हालत में मिले।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक किसान के साथ शराब पीता और हाथापाई करता नजर आ रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को नहीं जानते थे और हत्या लूट के इरादे से की गई, क्योंकि संदेही आसपास ही रहता है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



