इंदौर में 13 मार्च को हुई डेढ़ करोड़ कैश और 20 तोला सोने की चोरी के मामले में खुलासा हुआ है। जिस बिल्डर के फ्लैट से चोरी हुई, उसकी लिव इन पार्टनर के जीजा ने वारदात को अंजाम दिया था।
महिला को डर था कि बिल्डर उसे कभी भी छोड़ सकता है, इसलिए उसने जीजा के साथ मिलकर चोरी की प्लानिंग की। फिर खुद थाने में शिकायत करने पहुंच गई।
महिला का जीजा आरोपी धीरू थापा पूर्व कॉन्स्टेबल है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के कारण 2010 में उसे पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था। उसका साथी छोटू भी चोरी की वारदात में शामिल था।
मामला 13 मार्च को पलासिया इलाके में शुभ लाभ प्राइम टाउनशिप का है। बिल्डिंग में रहने वाली पार्लर संचालिका शिवाली जादौन ने अपने फ्लैट से तीन बैग चोरी होने की शिकायत की थी। शिवाली ने पुलिस को बताया था कि सुबह बेटे को स्कूल छोड़ने गई थी। करीब दो घंटे बाद लौटी तो फ्लैट का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अलमारी से चार बैग गायब थे। बैग उसके लिव इन पार्टनर अंकुश के थे। अंकुश ने पूछताछ में बताया कि बैग में प्रॉपर्टी सौदे के करीब डेढ़ करोड़ रुपए रखे हुए थे।

सीसीटीवी में बुर्के में दिखे दो आरोपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो उसमें दो लोग बुर्के में दिखाई दिए। उनकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे चोरी का खुलासा हो गया। वारदात में शिवाली का जीजा धीरू थापा और उसके साथी छोटू का नाम सामने आया। दोनों ने चोरी के बाद रुपयों से भरे बैग साथी प्रवीण को दे दिए, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने शिवाली को भी हिरासत में ले लिया है।
पुलिस विभाग से बर्खास्त हुआ था आरोपी
जांच में पता चला कि धीरू थापा पहले पुलिस विभाग में आरक्षक था। उसकी भर्ती खंडवा में हुई थी। 2010 में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के कारण उसे पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया। बर्खास्तगी के बाद वह छोटे-मोटे काम कर गुजारा करने लगा।

जीजा को बताया था फ्लैट में रुपयों के बारे में शिवाली काफी समय से अंकुश के साथ रह रही थी, लेकिन उसे शक था कि वह उसे कभी भी छोड़ सकता है। अंकुश अधिकतर अपने व्यापार के पैसे शुभ लाभ प्राइम टाउनशिप में लाकर रखता था। शिवाली ने यह बात अपने जीजा धीरू थापा को बताई, जिसके बाद सभी ने मिलकर चोरी की योजना बनाई।
पहले भी विवादों में आ चुका है अंकुश अंकुश एरोड्रम इलाके का रहने वाला है। कुछ महीने पहले दो महिलाओं ने पलासिया पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। तब अंकुश ने भी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज करवाया था।




