भोपाल:
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की थीम पर एक व्यापक सफाई अभियान चलाया। डीजी इन्वेस्टिगेशन बिजॉय कुमार पांडा की विशेष मौजूदगी में पुराने आयकर भवन और उसके आसपास के परिसरों में श्रमदान किया गया, जिसमें विभाग के सभी स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इससे पहले, राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी (आरटीआई) भोपाल के क्षेत्रीय परिसर में बहुचर्चित प्रतियोगिता ‘कौन बनेगा करपति’ (KBK) सीजन-2 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। इस अनूठी ज्ञान प्रतियोगिता में दोनों राज्यों और नागपुर क्षेत्र से लगभग 550 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था। प्रतियोगिता को दो श्रेणियों में बांटा गया था—पहली श्रेणी में इंस्पेक्टर स्तर तक के कर्मी और दूसरी श्रेणी में आईटीओ तथा उससे ऊपर के अधिकारी शामिल थे।
कड़े दो-टियर के चयन चरणों के बाद प्रत्येक श्रेणी से शीर्ष 5 मेधावी प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले तक पहुंचे। फिनाले और टियर-2 दौर में प्रतियोगियों से नवीन आयकर अधिनियम 2025 और अन्य जटिल कर विषयों पर आधारित तीखे सवाल पूछे गए। संयुक्त आयकर आयुक्त सागर श्रीवास्तव और आयकर अधिकारी संतोष कुमार निगम ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम का संचालन किया।
विजेता और उपविजेता सूची:
- श्रेणी-1 (इंस्पेक्टर स्तर तक):
- विजेता: दुष्यंत कुमार गुप्ता (आयकर निरीक्षक)
- उपविजेता: दीपक कुमार (जबलपुर), हिमांशु सिंह (भोपाल), दीपक गौर (इंदौर) और सौरभ अवस्थी (जबलपुर)।
- श्रेणी-2 (ITO एवं उससे ऊपर):
- विजेता: कृष्ण कुमार चौधरी (आयकर अधिकारी, बिलासपुर)
- उपविजेता: संजय अग्रवाल (भोपाल), आशीष मोदगिल (भोपाल), ओमप्रकाश (भोपाल) और मोचन मेहेर (रायपुर)।
प्राचीन कर प्रणाली से आधुनिक युग पर नई पुस्तक का विमोचन
समारोह के दौरान भोपाल के आयकर अधिकारी संतोष कुमार निगम द्वारा लिखित शोधपरक पुस्तक ‘Taxation Journey Through Vedic Period to Modern Era’ का विमोचन किया गया। इस पुस्तक में प्राचीन भारतीय कर-दर्शन, वैदिक काल से लेकर विभिन्न ऐतिहासिक युगों की कर प्रणालियों और आधुनिक आयकर इतिहास का विस्तृत दस्तावेज प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक की प्रथम प्रति मुख्य अतिथि को आदरपूर्वक भेंट की गई।




