विदिशा:
त्योहारों और गणेश विसर्जन के बाद ऐतिहासिक बेतवा नदी के घाटों पर बदहाली और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नदी में जलस्तर कम होने के कारण विसर्जन के दौरान छोड़ी गई मूर्तियां और पूजन सामग्री अब पानी से बाहर नजर आने लगी हैं, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का श्रमदान और मांग
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि वे खुद रोजाना श्रमदान कर नदी से मूर्तियां और कचरा निकालकर घाट पर इकट्ठा कर रहे हैं, लेकिन लोगों द्वारा कपड़े और कचरा छोड़ने का सिलसिला अब भी जारी है। इससे नदी के पानी की शुद्धता और नहाने आने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जनता ने नगर पालिका से घाटों पर रोजाना सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
प्रशासन का पक्ष
इस मामले पर एसडीएम मनीष जैन का कहना है कि दो दिन पहले ही घाटों पर सफाई कराई गई थी। जलस्तर घटने की वजह से मूर्तियां ऊपर दिखाई दे रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि पानी और कम होने पर मशीनों की मदद से नदी की विशेष सफाई और गहरीकरण का काम जल्द शुरू किया जाएगा।



