ग्वालियर:
माधौगंज थाना क्षेत्र में एक ऑनलाइन सर्विस सेंटर संचालक द्वारा एसबीआई बैंक में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर महिला से 12.77 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एकतापुरी कॉलोनी निवासी 39 वर्षीय रेनू राठौर पड़ोस में ‘पद्मा ऑनलाइन सर्विस सेंटर’ चलाने वाले समीर रामपुरे के पास फॉर्म भरवाने जाती थीं। इसी दौरान आरोपी ने बैंक अधिकारियों से अच्छे रसूख का झांसा देकर महिला को एसबीआई में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि जून 2025 से जुलाई 2026 के बीच आरोपी ने फॉर्म भरवाने, दस्तावेज लेने और अधिकारियों को रिश्वत देने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 12,77,900 रुपए ऑनलाइन और नकद ले लिए। लंबे समय तक नौकरी न लगने पर जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और धमकी दी।
माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी समीर रामपुरे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों के लेन-देन की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




