भोपाल:
भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री और अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की करंट लगने से हुई मौत के मामले में शनिवार शाम वकीलों और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। डीबी मॉल के सामने से मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शनकारी एमपी नगर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश व्यास ने बताया कि 27 सितंबर को डीबी मॉल के पास बिजली पोल के संपर्क में आने से दिव्यऋषि की जान चली गई थी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांग है कि निलंबित कार्यपालन यंत्री आशीष श्रीवास्तव और सहायक यंत्री सुमित सिंह की भूमिका की आपराधिक जांच कर उनके नाम भी एफआईआर में जोड़े जाएं।
इसके साथ ही, मेंटेनेंस का ठेका लेने वाली एजेंसी और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। वकीलों ने नर्मदा ट्रॉमा सेंटर द्वारा इलाज से इनकार करने के आरोपों की भी स्वतंत्र जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।



