भोपाल के टीटी नगर इलाके में बाइक से गिरने के बाद युवक की मौत हो गई। हादसा शनिवार रात का है। युवक दोस्त के साथ बाइक पर चाउमिन खाने निकला था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। दोस्त के बयानों को दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने बताया कि सागर वर्मा (25) शनिवार देर रात दोस्त के साथ चाउमिन खाने निकला था। दोस्त बाइक चला रहा था और सागर पीछे बैठा था। माता मंदिर चौराहा के पास सागर अचानक बाइक से नीचे गिरा, इससे दोस्त घबरा गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी की गाड़ी चलाता था सागर
सागर वल्लभ भवन में किसी अधिकारी की कार चलाता था, इस साल उसकी शादी की तैयारी थी। युवक की मौत से परिजन सदमे में हैं। परिवार में सागर के अलावा उसका एक छोटा भाई है।




