राजधानी भोपाल में कोलार रोड इलाके में सिटी बस में 3 युवकों ने दिनदहाड़े गुंडई की। बस को बीच रास्ते में रोककर उसमें तोड़फोड़ की और फिर कंडक्टर-ड्राइवर को पीटकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
जब ये वारदात हुई तब बस में 50 से ज्यादा पैसेंजर बैठे हुए थे। अचानक हमला होने से वे दहशत में आ गए। हालांकि, हैरानी की बात ये है कि एजेंसी BCLL (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) के जिम्मेदारों ने आरोपी युवकों के खिलाफ पुलिस शिकायत न करते हुए समझौता कर लिया। अब वे सोमवार को FIR दर्ज कराने की बात कह रहे हैं।
घटना अयोध्या नगर (इसरो) से बैरागढ़ चीचली-कजलीखेड़ा के बीच चलने वाली सिटी बस में रविवार को हुई। एक्टिवा सवार 3 युवकों ने पहले कोलार रोड पर डी-मार्ट के सामने से गुजर रही बस को रोका। फिर ड्राइवर अब्दुल रज्जाक और कंडक्टर राजेश अहिरवार को बुरी तरह पीटा। उन्होंने बस में लगा CCTV कैमरा भी तोड़ दिया। इसके बाद ड्राइवर-कंडक्टर बस को वहीं छोड़कर भाग निकले। करीब आधे घंटे तक बस बीच रोड पर ही खड़ी रही। इस दौरान बस में बैठी महिलाओं और बच्चों को दूसरी बस में बैठाया गया।




