मध्यप्रदेश विधानसभा में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा- मुख्यमंत्री के लिए विपक्ष की सीट गरम कर रखी है। जवाब में संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- ये दिवा स्वप्न है। सदन में शीतकालीन सत्र के पहले दिन पक्ष-विपक्ष के बीच इस तरह हल्की नोकझोंक होती रही।
प्रश्नकाल के बाद कमलनाथ ने कहा- हमने पिछले सालों में अच्छे संबंध बनाए हैं। मुख्यमंत्री जी इस सदन में नहीं हैं, आपके माध्यम से उनसे कहना चाहता हूं कि मैंने ये कुर्सी (विपक्ष की सीट) उनके लिए गरम करके रखी है। जब उनसे पूछा गया कि सत्ता पक्ष का आरोप कि विपक्ष सदन नहीं चलने देता तो उन्होंने कहा- आपको ही पता है कि सदन कौन नहीं चलने देता।
इसके पहले PCC चीफ कमलनाथ ने बताया कि विधायक दल की बैठक में तय हुआ है कि हम अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे। उम्मीद है कि नियम अनुसार इसका पालन किया जाएगा और उसे स्वीकार किया जाएगा। हम हमेशा चाहते हैं विधानसभा चले और अवधि बढ़ाई जाए। उधर सत्र में सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ने पूरी तैयारी कर रखी है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने अलग-अलग मुद्दों पर सदन में सरकार को घेरने के लिए विधायकों को जिम्मेदारी दी है।




