सर! मोतीनगर बस्ती के कुल 550 बच्चों की वार्षिक परीक्षा है। वे तैयारी में जुटे हैं। इसी बीच उन्हें बस्ती से बेदखल करना ठीक नहीं है। इन बच्चों और उनके पेरेंट्स को अभी परेशान न करें।
शनिवार को भोपाल की मोतीनगर बस्ती में पहुंचे एडीएम प्रकाश नायक से कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने यह बात कहते हुए वार्षिक परीक्षा देने वाले बच्चों की लिस्ट सौंपी। सुभाष नगर विश्राम घाट के पास स्थित मोती नगर झुग्गी बस्ती को प्रशासन, नगर निगम और रेलवे ने 4 फरवरी तक बेदखली के नोटिस दिए हैं।
यह पर सुभाषनगर ब्रिज की थर्ड लेन निकलेगी। इसी बस्ती को खाली कराने का विरोध रहवासी कर रहे हैं। बेदखली से वे बच्चे परेशान हैं, जो बोर्ड परीक्षा देंगे। ऐसे में कांग्रेस उनके समर्थन में मैदान में उतर गई है।

परीक्षा तक बेदखली को रोका जाए कांग्रेस नेता शुक्ला ने मोतीनगर के अनेक रहवासियों के साथ अपने विस्थापन की समस्या को लेकर एडीएम नायक से चर्चा की। शुक्ला ने कहा कि यहां निवासरत लगभग 550 बच्चे ऐसे हैं। जिनका 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सिर पर हैं।
शुक्ला ने कहा, एक तरफ सरकार धार्मिक स्थलों से भी लाउडस्पीकर हटा रही है, क्योंकि बच्चों को उनकी पढ़ाई करने में परेशानी न हो। दूसरी तरह मोतीनगर के लगभग 550 बच्चों को परीक्षाओं से वंचित करने का प्रयास कर रही है।
रोल नंबर समेत सौंपी लिस्ट
शुक्ला ने कहा कि बोर्ड की परीक्षाओं तक इस बेदखली को रोका जाए और उन्हें पक्के मकान देकर विस्थापन किया जाए। जिससे यहां के बच्चे परीक्षा दे सकें। मोतीनगर में ही निवासरत वलीशा खान जो कि हृदय की गंभीर बीमारी से पीड़ित है। वह भी 10वीं की परीक्षा की तैयारी कर रही है। इन सबको परीक्षा देने का अधिकार है।
शुक्ला ने एडीएम को परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के नाम की लिस्ट रोल नंबर सहित सौंपी। इस अवसर पर तारिक अली, शानू खान, खालिद कुरैशी, राजकुमार राय, फैजान खान आदि भी मौजूद थे।




