उज्जैन में महाकाल दर्शन कर दिल्ली लौट रहे 5 दोस्तों की हाईस्पीड कार एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 1 दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कार सवारों ने गूगल मैप पर दिल्ली लोकेशन डाली थी। वो हाईवे छोड़कर गूगल के बताए रूट पर आगे बढ़ रहे थे। तभी घटि्टया थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी गांव के पास हादसा हो गया।
कार की स्पीड इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।
हाईवे से हटकर गांव की ओर मोड़ दी कार जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी पांच युवक अपनी अर्टिगा कार (DL 13-C-7474) से उज्जैन आए थे। सोमवार सुबह इन्होंने महाकाल मंदिर की भस्म आरती में भाग लिया, इसके बाद काल भैरव मंदिर के दर्शन किए और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वापसी में गूगल मैप की सहायता ली गई, लेकिन लोकेशन ने उन्हें कोटा हाईवे छोड़कर मालीखेड़ी गांव की ओर मोड़ने का संकेत दिया।
पहले बेरिकेडिंग, फिर पेड़ से टकराई कार जैसे ही कार मालीखेड़ी गांव के पास एक मोड़ पर पहुंची, तेज रफ्तार के कारण पहले वह पुलिस बेरिकेडिंग से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
आर्यन लोहिया की मौत, चार दोस्त घायल हादसे में दिल्ली निवासी आर्यन लोहिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उज्जवल गुप्ता, अर्जुन वशिष्ठ, नचिकेत और मृदुल आर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें उज्जैन रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक दिल्ली के प्रतिष्ठित परिवारों से हैं। कोई लॉ की पढ़ाई कर रहा है, तो किसी के पिता दिल्ली के बड़े चिकित्सक हैं। ये लोग उज्जैन आने से पहले उदयपुर भी घूमने गए थे।

घायल ने सुनाया हादसे का पूरा घटनाक्रम घायल युवक उज्जवल गुप्ता ने बताया कि हमने गूगल मैप पर लोकेशन डाली थी। उसने हमें हाईवे से हटाकर एक वैकल्पिक रास्ते पर मोड़ दिया। हम उसी रास्ते पर चल पड़े। अचानक झटका लगा और फिर कुछ समझ नहीं आया, होश अस्पताल में आया।
ग्रामीणों ने की मदद, पुलिस ने शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलते ही पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घट्टिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और रास्ते के चयन को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पहले भी गूगल मैप के कारण हो चुके हैं हादसे यह कोई पहला मामला नहीं है जब गूगल मैप की दिशा को आंख मूंदकर फॉलो करना जानलेवा साबित हुआ है। इससे पहले उत्तर प्रदेश के बरेली में भी एक कार गूगल मैप के बताए हुए आधे-अधूरे पुल पर जा चढ़ी थी और खाई में गिर गई थी। उस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी और उसका वीडियो भी सामने आया था।




