भोपाल। शहर के ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक बंद मकान से रिटायर्ड बुजुर्ग दंपती के शव बरामद किए गए हैं। शवों की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि मौत कुछ दिन पहले हुई है। पुलिस अब हत्या के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
मृतकों की पहचान 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। हेमंत रेलवे के रिटायर्ड क्लर्क थे और शकुंतला कस्तूरबा अस्पताल से नर्स के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। दंपती के घर के एक हिस्से में छात्र किराए पर रहते हैं। छात्रों ने बताया कि दो दिन से दंपती घर से बाहर नहीं निकले थे। शुक्रवार को जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर दोनों के शव अंदर मिले।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शव पूरी तरह डीकंपोज्ड (क्षतिग्रस्त) हो चुके हैं और उन पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटा रही है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
बुधवार को भाभी से हुई थी आखिरी बात
परिजनों के अनुसार, शकुंतला ने बुधवार को अपनी भाभी को फोन कर बताया था कि वे हेमंत के आंखों के चेकअप के लिए अस्पताल जा रहे हैं। हालांकि, भाभी का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन किसी पुरानी रंजिश की जानकारी फिलहाल नहीं मिली है। पुलिस अब उनके करीबियों से पूछताछ कर रही है।




